• पुलिस अधीक्षक अजय कुमार को मिली गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
रामगढ़ | संवाददाता
पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ अजय कुमार को सूचना प्राप्त हुई कि एक बारह चक्का ट्रक रामगढ़ से हजारीबाग की ओर जा रही है, जिसमें अवैध कोयला लोड होने की संभावना है। उन्होंने सूचना की सत्यता की जांच और आवश्यक कार्रवाई हेतु बीस माइल के समीप वाहन जांच अभियान लगाया गया। इसी क्रम में रामगढ़ की ओर से आती एक बारह चक्का ट्रक दिखाई दी। पुलिस दल ने सशस्त्र बल के सहयोग से उसे रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ट्रक को लगभग 100 मीटर पहले रोककर भागने लगा। काफी प्रयास के बाद भी चालक भागने में सफल रहा, हालांकि ट्रक में बैठे एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसमें कोयला लदा पाया गया। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने खुद को ट्रक का मालिक बताया। जब ट्रक में लदे कोयले से संबंधित कागजात मांगे गए, तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद ट्रक और कोयला को जब्त किया गया।
जब्त सामानों की विवरणी
बारह चक्का ट्रक संख्या जेएच10वाई-0128, जिसके डाले में लगभग 30 टन अवैध कच्चा कोयला लदा हुआ था।एक रेडमी कंपनी का एंड्रॉइड मोबाइल फोन, जिसका आईएमईआई नंबर 868480053886896 एवं 868480053886904 है, जिसमें सिम नंबर 9334170930 लगा हुआ था। पुलिस ने ट्रक मालिक राकेश कुमार, उम्र लगभग 42 वर्ष, पिता अरुण कुमार, ग्राम रामनगर कॉलोनी, नियर भोलू बांध, थाना चास, जिला बोकारो को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में मांडू थाना कांड संख्या 231/25, दिनांक 23.10.2025, धारा 317(5)/3(5) भारतीय दंड संहिता, धारा 30(2) कोयला खान अधिनियम एवं धारा 33 भारतीय वन अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। छापामारी दल में मुख्य रूप से सदानंद कुमार (थाना प्रभारी, मांडू), आरक्षी सुरेंद्र यादव, गृह रक्षक दुर्गाचरण कुमार शामिल थे।
