• अनुशासनहीनता के आरोप में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पद हटाया
• भीतरघात और संगठन विरोधी कार्य को लेकर कार्यकर्ताओं ने की थी शिकायत
• बलकुदरा निवासी देवानंद प्रसाद बने पतरातू प्रखंड के कार्यकारी अध्यक्ष
रामगढ़ | संवाददाता
अनुशासनहीनता के विरुद्ध कांग्रेस प्रदेश कमेटी ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। इसका असर भी देखने को मिल रहा है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देशानुसार पतरातू प्रखंड अध्यक्ष सुजीत पटेल को उनके पद से मुक्त कर दिया गया है। साथ ही उनके स्थान पर बलकुदरा निवासी देवानंद प्रसाद को पतरातू प्रखंड कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। इसे लेकर झारखंड प्रदेश कार्यालय कांग्रेस कमेटी कार्यालय प्रभारी अभिलाष साहू ने पत्रांक संख्या 153/2026 के माध्यम से आदेश जारी किया। आदेश को तत्काल प्रभावी बताया। पत्र की प्रतिलिपि प्रखंड कार्यकारी अध्यक्ष देवानंद प्रसाद, कांग्रेस झारखंड प्रभारी के राजू, सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी, विधायक दल नेता, रामगढ़ जिलाध्यक्ष, पर्यवेक्षक आदि को भी जारी किया गया है। कांग्रेस आलाकमान की कार्रवाई से पार्टी विरोधी कार्य करने वाले कांग्रेसी नेताओं में हड़कंप है।
