आर्मी पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न

Spread the love

प्राचार्य ने एक वर्ष की उपलब्धियों पर डाला प्रकाश
मुख्य अतिथि की से द डॉन पुस्तक का हुआ विमोचन
रामगढ़ | संवाददाता
आर्मी पब्लिक स्कूल, रामगढ़ कैंट में शनिवार को वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान भारतीय संस्कृति, प्राचीन ज्ञान, धार्मिक ग्रंथों और आधुनिक विचारों का अद्भुत समन्वय मंच पर देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से न केवल मनोरंजन किया, बल्कि सामाजिक संदेश, संस्कार और मूल्य भी प्रभावी ढंग से व्यक्त किए। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर दिग्विजय सिंह (सेना मेडल) और विशिष्ट अतिथि मितुल सिंह की उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ा दी। अभिभावक दोपहर 3 बजे से ही विद्यालय प्रांगण में पहुंचने लगे थे और पूरा परिसर उत्साह एवं उमंग से भर गया। वार्षिकोत्सव की थीम ‘भारतीय ग्रंथ—सृजन से अनंत तक’ पर आधारित रही। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन, समूह गीत और वंदना से हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने कृष्ण लीला, राम कथा, नृत्य फ्यूजन, एरोबिक्स, योग, कराटे, पिरामिड तथा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का दिल जीत लिया। विद्यालय के प्राचार्य पंकज कुमार जैन ने विद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों, शैक्षणिक परिणामों तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में विद्यार्थियों की सफलता पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक और रोमांचक केंद्र रहा ‘रक्तबीज नृत्य’, जिसमें महाभारत के प्रसंग को साहस, वीरता और धर्म की विजय के संदेश के साथ बेहतरीन ढंग से प्रस्तुत किया गया। चतुर्थ कक्षा की एक बच्ची द्वारा प्रस्तुत ‘पौराणिक कथा की अनंत धारा’ कविता ने उपस्थित लोगों के हृदय को भावनाओं से भर दिया और पूरे प्रांगण में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी। हिंदी और अंग्रेजी नाटकों ने भी अपने भाव, संवाद और संदेश के साथ दर्शकों को प्रभावित किया। नुक्कड़ नाटक तथा विशेष बच्चों की ओर से प्रस्तुत नाटिका ने सामाजिक संदेश देकर सभी को भावुक कर दिया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रस्तुत भांगड़ा नृत्य ने पूरे माहौल को उत्साह, ऊर्जा और जोश से भर दिया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ब्रिगेडियर दिग्विजय सिंह (सेना मेडल) द्वारा विद्यालय पत्रिका ‘द डॉन’ (सत्र 2024-25) ई-बुक का विमोचन भी किया गया। समारोह का समापन पुरस्कार वितरण और राष्ट्रगान के साथ हुआ। मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर दिग्विजय सिंह ने विद्यार्थियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और सांस्कृतिक चेतना का विकास करते हैं। उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य पंकज कुमार जैन एवं समस्त शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की और बच्चों को आधुनिकता के साथ अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहने का संदेश दिया।

आर्मी पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव के दौरान मंचासीन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *