
• कांग्रेस झारखंड प्रदेश प्रवक्ता शांतनु मिश्रा ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी
• सदर विधायक ममता देवी के कांग्रेस रामगढ़ जिलाध्यक्ष बनने पर दिया था इस्तीफा
रामगढ़ | संवाददाता
रामगढ़ जिला कांग्रेस कमिटी के मीडिया चेयरमैन मुकेश यादव का इस्तीफा प्रदेश नेतृत्व ने अस्वीकार कर दिया है। यह जानकारी कांग्रेस झारखंड प्रदेश प्रवक्ता शांतनु मिश्रा ने बुधवार को ब्लॉक चौक स्थित होटल लॉ मैरिटल में प्रेस वार्ता कर दी। उन्होंने बताया कि मुकेश यादव का इस्तीफा पत्र प्रदेश नेतृत्व को प्राप्त हुआ था, लेकिन विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया कि उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया जाएगा। शांतनु मिश्रा ने कहा कि मुकेश यादव जिलाध्यक्ष पद के उम्मीदवार थे। उन्होंने नए जिलाध्यक्ष को कोई परेशानी न हो इसलिए नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दिया था। जिसे पार्टी ने न मंजूर कर दिया गया है। कांग्रेस के मीडिया प्रभारी सतीश पौल मुंजनी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि मुकेश यादव पार्टी की विचारधारा को मीडिया में सशक्त रूप से रखते आए हैं। संगठन को उनकी आवश्यकता है, इसलिए उन्हें अपने पद पर यथावत बने रहने का निर्देश दिया गया है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि मुकेश यादव से अपेक्षा है कि वे जिलाध्यक्ष के साथ पूर्ण समन्वय स्थापित करते हुए टीम भावना से कार्य करें। साथ ही कांग्रेस पार्टी की नीतियों एवं संदेशों को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुँचाते रहें। प्रेस वार्ता में मुकेश यादव, संजय साव, सहजाद खान, राजकुमार यादव, तारिक अनवर आदि मौजूद थे।
