• 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हुई अलका तिवारी
• 1993 बैच के आईएस अधिकारी हैं अविनाश

रांची | संवाददाता
झारखंड सरकार ने आईएएस अविनाश कुमार को राज्य का नया मुख्य सचिव बनाया है। इस संबंध में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी है। अविनाश कुमार 1993 बैच के आईएएस अधिकारी है।
जारी अधिसूचना के अनुसार अविनाश कुमार उर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव रांची के पद पर पदस्थापित थे। इसके अलावा अविनाश कुमार को मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, उर्जा विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक, झारखंड बिजली वितरण के प्रबंध निदेशक, झारखंड भवन, नई दिल्ली के मुख्य स्थानिक आयुक्त के अतरिक्त प्रभार पर थे। कुमार को स्थानांतरित करते हुए झारखंड का मुख्य सचिव बनाया गया है। कुमार अगले आदेश तक अपने कार्यों के अलावा मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव और झारखंड भवन, नई दिल्ली के मुख्य स्थानिक आयुक्त के भी अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे।
इसी प्रकार स्वास्थ्य, चिकित्सा, शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के पद पर पदस्थापित अपर मुख्य सचिव अजय कुमार को अपने कार्यों के अलावा झारखंड के विकास आयुक्त का अतिरक्त प्रभार सौंपा गया है। सचिवालय में मंगलवार को विदाई समारोह का आयोजन हुआ।

• मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी शुभकामना
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय में मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त हो रही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती अलका तिवारी को भावभीनी विदाई दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि निवर्तमान मुख्य सचिव श्रीमती अलका तिवारी ने अपने कार्यकाल के दौरान बेहतर प्रशासनिक क्षमता का परिचय देते हुए राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं नीतियों के क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन से राज्य सरकार की कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करने में मदद मिली है। मुख्यमंत्री ने उनके सेवा काल की सराहना करते हुए कहा कि अलका तिवारी ने सदैव ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य किया। उन्होंने राज्य प्रशासन को एक नई दिशा दी और प्रशासनिक परंपराओं को मजबूती दी। मुख्यमंत्री ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए आशा व्यक्त की कि आगे भी वे अपने अनुभव और मार्गदर्शन से समाज को लाभान्वित करती रहेंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त मुख्य सचिव अविनाश कुमार को पदभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अविनाश कुमार की कार्य कुशलता, दूरदर्शिता एवं प्रशासनिक अनुभव से राज्य प्रशासन को और अधिक मजबूती मिलेगी। राज्य सरकार की विकास की योजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी आएगी। इस अवसर पर नवनियुक्त मुख्य सचिव अविनाश कुमार, राज्य के नए विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव/सचिव तथा वरिष्ठ पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
