• पुलिस अधीक्षक रिश्मा रमेशन ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी
पलामू | संवाददाता
पलामू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक युवक को 6.523 किलोग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त की गई अफीम की मार्केट वैल्यू 30 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। युवक इस अफीम को डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन की ओर सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक सफेद रंग की कार से एक युवक अफीम लेकर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा है। सूचना के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया और रेड़मा चौक से रेलवे स्टेशन रोड पर सघन चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान एक सफेद मारुति बलेनो कार (JH01FY 5271) को रोककर जांच की गई। कार में बैठे युवक के काले बैग में छह प्लास्टिक पैकेट से भूरा-गीला पदार्थ मिला, जो परीक्षण में अफीम निकला।
• क्या-क्या बरामद हुआ
कुल 6.523 किलोग्राम अफीम,एक वीवो मोबाइल फोन,दो सिम कार्ड,कार (JH01FY 5271) बरामद हुआ है। पलामू एसपी रिष्मा रमेशन ने प्रेस वार्ता कर बताया कि गिरफ्तार अभिषेक कुमार पर बंगाल में दर्ज एक साइबर फ्रॉड केस में भी आरोप है। टेलीग्राम ऐप के माध्यम से 18 लाख की ऑनलाइन ठगी का मामला उसके खिलाफ पहले से पंजीकृत है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि अफीम की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी। इसे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में आगे और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।
