मौसम विभाग अलर्ट : झारखंड के आधा दर्जन जिलों में भारी बारिश का अनुमान

Spread the love

अगले 24 घंटे रांची, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, कोडरमा, गिरिडीह, जामताड़ा और देवघर में होगी भारी बारिश

रांची | संवाददाता

रांची समेत झारखंड में पूजा के दौरान बारिश का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में बारिश हुई। जबकि, पलामू, चतरा, गढ़वा, लातेहार और हजारीबाग में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, रांची, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, कोडरमा, गिरिडीह, जामताड़ा और देवघर में इस दौरान भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इसके साथ ही भारी बारिश से लगातार जूझ रहे झारखंड के लिए एक गुड न्यूज भी है। राज्य में पांच अक्तूबर के बाद मौसम के साफ होने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, खाड़ी पर बना गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र ओडिशा के अंदरुनी हिस्सों में कायम है और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है। इसके अगले 24 घंटे में कमजोर होने का अनुमान लगाया जा रहा है। राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान धनबाद में सबसे अधिक बारिश हुई। यहां 73.2 मिमी बारिश हुई। वहीं, जामताड़ा में 70, पूर्वी सिंहभूम में 53.4, बोकारो में 37.6, गिरिडीह 34 और रांची 21.2 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में एक से तीन अक्तूबर तक कुल 46 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य बारिश 11.7 मिमी से करीब तीन गुना ज्यादा है। यह बारिश मानसून सीजन के बाद पोस्ट माननसून बारिश की श्रेणी में आता है। राज्य में अगले तीन दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव होने की संभावना कम है। इसके बाद अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री की वृद्धि हो सकती है। शुक्रवार को राजधानी का तापमान 25.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, सर्वाधिक तापमान गोड्डा का 30 डिग्री दर्ज किया गया। झारखंड के मौसम को लेकर जानकारी देते हुए मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दो दिन के दौरान झारखंड में बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान पलामू समेत चतरा, गढ़वा और दो अन्य जिलों में भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आमलोगों से बारिश के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है।

बारिश के दौरान का दृश्य

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *