रामगढ़ के गोला में केबुल तार चोरी करने वाले गिरोह के छह गिरफ्तार

Spread the love

120 किलोग्राम चोरी का केबल, एक ओमनी वैन और बाइक जब्त

एसपी रामगढ़ अजय कुमार ने प्रेस वार्ता कर दिया जानकारी

पुलिस की ओर से जब्त वाहन

रामगढ़ | संवाददाता

गोला थाना पुलिस ने बिजली के मेन लाइन केबल तार चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 120 किलोग्राम चोरी का केबल तार, एक ओमनी वैन और एक एक्सब्लेड मोटरसाइकिल जब्त की है। इसे लेकर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने शनिवार को अपने कार्यालय सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। उन्होंने बताया शुक्रवार की रात करीब 12:20 बजे सूचना मिली थी कि गोला थाना क्षेत्र के सुतरी गांव में कुछ लोग बिजली पोल से केबल काटकर उसे ओमनी वाहन में लोड कर रामगढ़ की ओर ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मार्गों पर छापेमारी शुरू की। इस दौरान गोला थाना क्षेत्र के मुरपा, झरियागढ़ा पुल के पास एक सिल्वर रंग की मारुति ओमनी गाड़ी संख्या जेएच 07डी 0662 को रोका गया। वाहन में चार लोग सवार थे। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम कौलेश्वर यादव उर्फ रेगा, नितेश कुमार महतो, अबुध महतो उर्फ छोटू महतो और तसौवर अंसारी बताया। वाहन की तलाशी लेने पर पीछे सीट से चार बंडल काले रंग के बिजली के मेन लाइन केबल तार बरामद किए गए, जिनका कुल वजन करीब 120 किलोग्राम था। इसी दौरान एक लाल-काले रंग की एक्सब्लेड मोटरसाइकिल संख्या जेएच24जे-5722 पर सवार दो लोग मारुति ओमनी के पीछे-पीछे आते दिखाई दिए। उन्हें भी पुलिस ने रोका। मारुति ओमनी में सवार आरोपियों ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार चोरी किए गए केबल की खरीद-बिक्री करते हैं। पूछताछ में दोनों की पहचान अमर कुमार दांगी और सुरेंद्र चौधरी के रूप में हुई। दोनों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने दोनों वाहनों और सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गोला थाना में कांड संख्या 122/25 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में सुरेंद्र चौधरी पहले भी इसी तरह के अपराध में संलिप्त रह चुका है। उस पर गोला थाना कांड संख्या 92/2024 दर्ज है। छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी परमेश्वर प्रसाद, पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार, थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, स्वामी रंजन ओझा, कुमार प्रभात रंजन, बहादुर महतो, तहसीन अहमद, पैंथर मोबाइल दस्ता और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

गिरफ्तार सभी छह आरोपी भेजे गए जेल

  1. कौलेश्वर यादव उर्फ रेगा, उम्र 25 वर्ष, निवासी मुरपा शिव मंदिर टोला, थाना गोला
  2. नितेश कुमार महतो, उम्र 21 वर्ष, निवासी कोराम्बे महावीर चौक, थाना गोला
  3. अबुध महतो उर्फ छोटू महतो, उम्र 19 वर्ष, निवासी कोराम्बे महावीर चौक, थाना गोला
  4. तसौवर अंसारी, उम्र 19 वर्ष, निवासी मुरपा ऊपर कुल्ही, थाना गोला
  5. अमर कुमार दांगी, उम्र 30 वर्ष, निवासी कोराम्बे, थाना गोला
  6. सुरेंद्र चौधरी, उम्र 25 वर्ष, निवासी पारसोतिया कुशवाहा धर्मशाला रामगढ़
प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते पुलिस अधीक्षक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *