• आईआईएससी चल्लाकेरे में आयोजित 11 दिवसीय साइंस-मैथ्स ट्रेनिंग में हासिल किया द्वितीय स्थान
रामगढ़ | संवाददाता
रामगढ़ जिले के बड़गांव स्थित आदर्श मध्य/उच्च विद्यालय के गणित शिक्षक नवीन कुमार जयसवाल ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उन्हें कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस (IISc) चल्लाकेरे में आयोजित 11 दिवसीय हाई स्कूल साइंस एंड मैथेमेटिक्स टीचर्स ट्रेनिंग प्रोग्राम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेस्ट परफॉर्मर अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 10 मार्च से 21 मार्च तक आयोजित हुआ। जिसमें देशभर के चयनित शिक्षकों ने भाग लिया। नवीन कुमार जयसवाल ने न केवल सभी वर्ग गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई, बल्कि फाइनल टेस्ट परीक्षा में द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए वे 6 मार्च को रवाना हुए थे, 8 मार्च को बेंगलुरु पहुंचे। प्रशिक्षण समाप्ति के बाद 22 मार्च को यशवंतपुर जंक्शन से टाटानगर (जमशेदपुर) के लिए प्रस्थान कर 24 मार्च को अपने गंतव्य पर पहुंचे। पीएमसी कोचिंग सेंटर, टीएसएफ घाटो की ओर से उन्हें इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। उनके इस प्रदर्शन से विद्यालय, क्षेत्र और पूरे जिले में खुशी की लहर है। विद्यालय परिवार एवं स्थानीय लोगों ने नवीन कुमार जयसवाल को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि उनका यह प्रयास अन्य शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
