सदर विधायक ममता देवी को मिली कांग्रेस रामगढ़ जिला की कमान

Spread the love

बनाई गई कांग्रेस पार्टी की रामगढ़ जिलाध्यक्ष

रामगढ़ | संवाददाता

सदर विधायक ममता देवी को कांग्रेस पार्टी का रामगढ़ जिलाध्यक्ष बनाया गया। वे रामगढ़ जिलाध्यक्ष पद पर काबिज होने वाली पहली महिला नेत्री है। अब तक इसे पुरुष ही सुशोभित करते रहे हैं। ममता देवी को जिलाध्यक्ष बनाने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। बधाई देने वालों का तांता लग गया है। जिलाध्यक्ष बनने पर विधायक ममता देवी ने सोनिया गांधी, कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, कांग्रेस प्रभारी झारखंड के राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव सहित पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि विधायक के साथ संगठन के नेतृत्व की जिम्मेवारी सौंपी गई है। शीर्ष नेतृत्व ने जो जिम्मेवारी व विश्वास व्यक्त किया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगी। हमारे नेता राहुल गांधी की सोच को धरातल पर उतार कर एक-एक कार्यकर्ता और आम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य होगा। कहा कि कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी की विचारधारा पर चलती है। संगठन की मजबूती के लिए पार्टी के सभी स्थानीय नेताओं को सम्मान देकर जोड़ा जाएगा। अनुभव व युवा शक्ति को साथ लेकर मजबूत टीम बनेगी। रामगढ़ जिले की एक-एक पंचायत और टोला तक संगठन को सक्रिय बनाया जाएगा। झारखंड में इंडिया गठबंधन की सरकार है। विधायक के रूप में आम लोगों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जुड़ाव पहले से है। दोनों जवाबदेही मिलने से आम लोगों के साथ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ेगा। इससे संगठन को मजबूत बनाने में काफी मदद मिलेगी। संगठन की मजबूती के लिए तन, मन और धन से जुटने की बात कही। रामगढ़ के अलावा भी प्रदेश के 15 जिलों में नए लोगों को मौका दिया गया है। इसके अलावा शेष बचे जिलाध्यक्ष दोबारा रिपीट किए गए।

कांग्रेस रामगढ़ जिलाध्यक्ष ममता देवी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *